April 21, 2026

पुष्पा फिल्म देखकर युवकों ने बनाया अपना गैंग, फिर मशहूर होने के लिए कर दिया मर्डर

chakuuu

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में एक शख्स की हत्या के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए 3 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान मोबाइल में वीडियो बनाया था। जिसे ये सोशल मीडिया पर डाल कर इलाके में अपना खौफ पैदा करना चाहते थे। पुलिस ने इनके पास से वो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है जिसमें इन्होंने इस हत्याकांड को शूट किया था। पुलिस के मुताबिक इस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने से पहले ही पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।


दिल्ली पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम बाबू जगजीवन अस्पताल से एक शख्स को घायल हालत में लाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस जब अस्पताल पहुंची तो पता चला की युवक को चाकू मारा गया था जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच के दौरान पीड़ित की पहचान जहांगीरपुरी इलाके के ही रहने वाले 24 साल के शिबू के तौर पर हुई। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उन्हें तीन युवक शिबू पर हमला करते हुए नजर आए। इसके बाद लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने तीनों नाबालिग लड़कों को पकड़ लिया।

इलाके में दबंगई दिखाने के लिए की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जो भी बातें बताई उन्हे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। नाबालिगों ने पूछताछ में बताया कि हाल ही में इन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पुष्पा और भौकाल पिक्चर देखी थी। जिसके बाद तीनों ने मिलकर अपना एक गैंग बनाया। जिसे इन्होंने बदनाम गैंग का नाम दिया।

नाबालिग लोगों में पैदा करना चाहते थे दहशत
तीनों नाबालिग अपने इस गैंग को मशहूर बनाकर इलाके में अपना खौफ पैदा करना चाहते थे। इसी के चलते इन्होंने राह चलते शिबू को पकड़ा और उसके बाद पहले डंडे से उसकी पिटाई की। इस दौरान एक साथी इस वारदात का अपने मोबाइल में वीडियो बनाता रहा। शिबु को काफी पीटने के बाद एक नाबालिग ने पीड़ित शिबू के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। हमला करने के बाद तीनो आरोपी वहां से फरार हो गए थे।


You may have missed