अब सप्ताह में सिर्फ 5 दिन करना होगा काम, सीएम भूपेश बघेल ने की कई अहम घोषणाएं
जगदलपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जगदलपुर में 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश को कई सौगात दी। वहीं कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के लिए 5 दिन प्रति सप्ताह की कार्यप्रणाली की दिशा में सरकार काम करेगी।


बिंदुओं में जानिए सीएम की प्रमुख घोषणाएं
– लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण एवं बड़ी संख्या में परिवहन सुविधा केंद्र, युवा रोजगार हेतु आरंभ किए जाएंगे।
– रिहायशी क्षेत्रों में संचालित व्यवसायिक गतिविधियों के नियमितीकरण हेतु आवश्यक प्रावधान किए जाएंगे।
– समस्त अनियमित भवन निर्माण के नियमितीकरण हेतु इसी वर्ष कानून लाया जाएगा।
– नगर निगम के बाहर निवेश क्षेत्रों में 500 वर्ग मीटर के भूखंड हेतु बिना मानवीय हस्तक्षेप के भवन अनुज्ञा जारी की जाएगी।
– शासकीय कर्मचारियों की कार्य-क्षमता और उत्पादकता बढ़ाने हेतु छत्तीसगढ़ सरकार अब 5 कार्य दिवस प्रति सप्ताह प्रणाली पर कार्य करेगी।
– नल कनेक्शन प्रक्रिया का सरलीकरण करते हुए मानवीय हस्तक्षेप मुक्त किया जाएगा।
– जगदलपुर में शहीद गुंडाधुर के नाम पर राज्य स्तरीय तीरंदाजी एकेडमी बनाई जाएगी।
मैं किसान का बेटा हूं- भूपेश बघेल
मैं किसान का बेटा हूं इसलिए किसानों के सुख-दुख को सुख-दुख को भलीभांति समझता हूं, अब पहले से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2022 -23 में दलहन फसलों की खरीदी भी वृहद पैमाने पर की जाएगी। खेत में धान की जगह वृक्ष लगाने पर 3 वर्ष तक सब्सिडी दी जाएगी। श्रमिक परिवारों के परिवार के लिए मुख्यमंत्री की विशेष घोषणा इसके तहत श्रमिक परिवार में बेटी पैदा होने पर उन्हें एकमुश्त 20000 की राशि प्रदान की जाएगी।

