Amazon की बढ़ी मुश्किलें: ऑनलाइन बिक रहे थे तिरंगा वाले जूते, सरकार ने दिए FIR का आदेश
भोपाल: ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन पर राष्ट्रध्वज तिरंगा वाले डिजाइन के जूतों की बिक्री का मामला तूल पकड़ गया है। जिसके बाद मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में एफआईआर करने का आदेश दिया है। यह केस अमेजन कंपनी के मालिक जेफ बेजोस और संस्था पर किया जाएगा।


गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ये मामला काफी पीड़ादायक है। राष्ट्रीय अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला ध्वज संहिता के उल्लंघन का है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के अपमान के किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीजीपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अमेज़न प्लेटफार्म के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करें।
दरअसल गणतंत्र दिवस के पहले अमेज़न पर बिक रहे चॉकलेट रैपर, फेस मास्क, सेरेमिक मग, कपड़ों और जूतों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा छपा होने का मामला सामने आया था। इसके बाद से ट्विटर पर अमेजन का खासा विरोध हो रहा है। लोगों ने इस शॉपिंग प्लेटफॉर्म का बहिष्कार करने का भी अभियान चला दिया है।

