April 18, 2026

परिवार के साथ पिकनिक मनाने गए मां-बेटे की नदी में डूबने से मौत

arpa nadi bilaspur

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रविवार दोपहर पिकनिक मनाने गए टीचर मां-बेटे की अरपा नदी में डूबने से मौत हो गई। शिक्षिका अपने पति, बहन-दामाद और बच्चों के साथ अरपा लोफंदी में निर्माणाधीन ब्रिज के पास गई थी। मां-बेटे नदी पार करते समय गहराई में समा कर डूब गए। उन्हें तैरना नहीं आता था। इस घटना के दौरान ही कुछ दूर में एक अन्य परिवार की महिला और बच्चे भी डूब गए थे। जिन्हें बचा लिया गया।


जानकारी के अनुसार जरहाभाठा निवासी अनिश मसीह जमीन खरीद-बिक्री का काम करते हैं। उनकी पत्नी स्मिता लाल जरहाभाठा के राजीव गांधी चौक स्थित नवीन प्राथमिक शाला में टीचर थीं। अनिश का साढू भाई सौरभ लाल मार्क अस्पताल में काम करता है और साली पिंकी भी नर्स है। दोनों परिवार के बच्चों को लेकर सभी पिकनिक मनाने के लिए लोफंदी स्थित अरपा नदी में बन रहे पुल के पास गए थे।

पति अनिल और परिवार के अन्य सदस्य नदी पार कर बने टापू में बैठकर खाने की तैयारी कर रहे थे। घटना करीब 3.30 बजे की है। इधर पीछे-पीछे स्मिता और उनका बेटा आदेश अरव लाल (14) नदी पार कर टापू तरफ जा रहे थे। तभी दोनों अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर अनिश उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन, तब तक स्मिता और उनका बेटा डूब गए थे। किसी तरह गहराई से उन्हें बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि इस घटना के दौरान ही प्रियंका कश्यप अपने पति और अन्य लोगों के साथ पिकनिक मनाने गई थी। जहां पर स्मिता लाल अपने बच्चे के साथ डूब रहीं थी। वहां से कुछ दूर प्रियंका अपने बच्चे को लेकर गई थी। अचानक गहराई आने से दोनों डूबने लगे। उनके चिल्लाने पर प्रियंका के पति वहां पहुंच गए और उन्हें पकड़कर बाहर निकाल लिया।


You may have missed