April 18, 2026

माता-पिता को ढूंढते नर्सरी पहुंचे 5 वर्षीय मासूम पर तीन भालुओं ने किया हमला, मौके पर मौत

IMG-20220131-WA0006

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को ग्राम कैलाशपुर के उद्यान विभाग की नर्सरी में तीन भालुओं के दल ने 5 वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। हमले में मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई।


माँ को ढूंढते हुए नर्सरी तक पंहुच गया मासूम
जानकारी के मुताबिक कैलाशपुर निवासी रामकृष्ण श्यामले और उसकी पत्नी गांव के उद्यान विभाग की नर्सरी में चल रहे मनरेगा के तहत विकास कार्य में मजदूरी का कार्य करने गए थे। उनका पांच वर्षीय पुत्र संजय अपनी माँ को ढूंढते हुए नर्सरी तक पंहुच गया। उसी दौरान तीन भालुओं के दल ने संजय पर हमला कर दिया, जिससे संजय की मौके पर मौत हो गई। भालुओं के हमले की खबर मिलने के बाद ग्रामीण और नर्सरी में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। मृतक बालक के शव के पास तीनों भालु मौजूद थे, जिन्हें जैसे-तैसे खदेड़ा तथा वन विभाग को घटना की सूचना दी गई।

वन अमले ने मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के तौर पर 25 हजार रुपये दिए। इधर वाड्रफनगर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि जहां यह घटना हुई वहां एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ एक सप्ताह से विचरण कर रही है। शावकों के कारण मादा भालू ज्यादा आक्रमक बनी हुई है। हादसे के बाद ग्रामीण भालुओं के दल को दूसरे जगहों पर ले जाने को लेकर लामबंद हो गए हैं।


You may have missed