June 5, 2026

BREAKING: फेमस यूट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ गिरफ्तार, लगा ये आरोप

IMG-20220201-WA0003

मुंबई: महाराष्ट्र शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ के आवास के पास छात्रों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के मामले में यूट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ ऊर्फ विकास पाठक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।


एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 41 वर्षीय यूट्यूबर ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं की ऑफलाइन परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर धारावी में गायकवाड़ के आवास के पास सोमवार को विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने छात्रों के प्रदर्शन में कथित भूमिका को लेकर इकरार खान वखार खान (25) को भी गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारावी पुलिस थाने में गैरकानूनी रूप से एकत्र होने, दंगा करने, अपराध के लिए उकसाने और घातक कृत्य करने, जिससे जीवन के लिए खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलने की आशंका हो, से जुड़ी धाराओं समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।अधिकारी ने बताया कि उनके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम और महाराष्ट्र सार्वजनिक संपत्ति विरूपण रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल सोमवार को कई छात्रों ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के ऑफलाइन मोड को लेकर धारावी की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। ऐसा माना जा रहा है कि विकास पाठक उर्फ ​​हिंदुस्तानी भाऊ के उकसाने वाले वीडियो के बाद इस प्रदर्शन को अंजाम दिया गया था। हाल ही में एक लाइव वीडियो में, फेमस यूट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ ने ऑफलाइन परीक्षा के मुद्दे पर कक्षा 10 और 12 के छात्रों की चिंताओं पर आवाज उठाई थी।

वीडियो में, हिंदुस्तानी भाऊ यह कहते हुए सुना जा सकता है, जो खिलवाड़ हो रहा है वो नहीं होना चाहिए, हो सके तो ये कल के कल परीक्षा रद्द करने का फैसला लीजिए। अगर नहीं करेंगे, तो मैं मेरे छात्रों के साथ वर्षा गायकवाड़ के दरवाजे पर आंदोलन करूंगा। मैं तब तक नहीं रुकूंगा जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। आपको मुझे जेल में डालना हो तो डालिए, आपको जो करना है करिए मुझे परवाह नहीं।

मुंबई पुलिस के डीसीपी प्रणय अशोक ने कहा कि कोविड 19 संकट को देखते हुए छात्रों की मांग है कि कक्षा 10वीं और 12वीं की ऑनलाइन परीक्षा हो। हमने उन्हें समझाने और तितर-बितर करने की कोशिश की। डीसीपी प्रणय अशोक ने कहा की इसकी जांच की जाएगी की क्या विकास पाठख उर्फ ‘हिंदुस्तानी भाऊ’ के निर्देश पर भीड़ जमा हुई थी? जांच में के बाद आगे की कार्रवाई होगी। बता दें कि गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील ने इस पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं।


You may have missed