इश्क की राह में रोड़ा बन गया कुआं, प्रेमिका से मिलने आया युवक गिरा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी रात के अंधेरे में अपनी प्रेमिका से मिलने गांव जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक कुएं में गिर पड़ा। इसके बाद तो प्रेमी के होश उड़ ही गए। कुएं के अंदर से ही वह बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। प्रेमी की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर गश्त कर रही पुलिस पहुंची और किसी तरह उस प्रेमी को कुएं से घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया।


प्रेमिका से मिलने से पहले ही कुएं में गिरा युवक
दरअसल, यह घटना लखनऊ के बिजनौर स्थित माती गांव की है, जब रविवार को रात दो बजे के करीब युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। अंधेरी रात होने की वजह से उसे कुआं नजर नहीं आया और प्रेमिका से मिलने से पहले ही प्रेमी सीधे कुएं में जा गिरा। इसके बाद वह बचाओ-बचाओ कहकर चिल्लाने लगा। वहां पास में ही गश्त कर रही पुलिस की टीम को आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे कुएं के भीतर युवक दिखाई दिया।
ऐसे निकाला गया बाहर
पुलिस को जब पता चला कि युवक कुएं में गिरा है, तब जाकर पुलिस ने गांव वालों को भी इसकी सूचना दी और तुरंत रस्सी और एक बड़ी लकड़ी का इंतजाम किया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से निकाला गया। हालांकि, इस दौरान युवक को कुछ चोट भी आई थी और काफी देर तक कुएं में रहने की वजह से उसे ठंड भी लग गई थी। पुलिस की मानें तो युवक भी बिजनौर इलाके का ही है और उसे सुरक्षित निकाल लिया गया है।

