प्रोपोज डे पर कॉलेज में जमकर चले लात-घूंसे
नासिक: कर्नाटक में छात्राओं द्वारा स्कूल-कॉलेजों में बुरखा पहन कर आने पर बैन लगाए जाने के मुद्दे पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. यह विवाद कर्नाटक से निकल कर देश के कई कोनों तक पहुंच गया है. कल महाराष्ट्र में भी मालेगांव में इस मुद्दे को लेकर मोर्चा निकाला गया और बीड़ में बैनर्स लगाए गए, जिनमें लिखा गया- ‘पहले हिजाब, फिर किताब-क्योंकि हर कीमती चीज पर्दे में होती है.’


अब महाराष्ट्र के नासिक (Nashik in Maharashtra) के एक कॉलेज में दो गुटों में प्रेम निवेदन दिन (Propose Day) को लेकर जम कर मारामारी हो गई. वैलेंटाइन डे (Valentine Day) भी वेल इन टाइम आ रहा है. यानी कॉलेजों में पढ़ाई के अलावा बाकी सब कुछ चल रहा है. कोरोना काल में प्रतिबंधों में ढिलाई के बाद स्कूल-कॉलेज अभी शुरू ही हुए हैं. स्टूडेंट्स ठीक से सेट भी नहीं हुए हैं कि अनरेस्ट शुरू हो गया है.
मंगलवार को (8 फरवरी) एक तरफ हिजाब -भगवा विवाद चल रहा था, दूसरी तरफ नासिक के एक कॉलेज में प्रोपोज डे से जुड़े मुद्दे पर दो गुटों में विवाद शुरू था. पहले बातचीत शुरू हुई जो बहस तक पहुंच गई और फिर देखते ही देखते ‘दे धपाधप’ शुरू हो गया. दो गुटों में यह मारामारी नासिक जिले के कॉलेज कैंपस के अंदर ही हुई. यह घटना नासिक निफाड गांव के कॉलेज कैंपस में हुई.
बातचीत से हुई बहस, बहस के बाद बॉक्सिंग, ‘कॉलेजों में छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं’
पहले कॉलेजों में बसंतोत्सव मनाया जाता था. फिर वैलेंटाइन डे मनाया जाने लगा. अब वैलेंटाइन वीक सेलिब्रेट किया जाता है. वैलेंटाइन वीक में ही एक दिन प्रोपोज डे के तौर पर सेलिब्रेट किया जाता है. इसी प्रोपोज डे के दिन मंगलवार को नासिक जिले के कॉलेज में दो गुटों में फ्री स्टाइल फाइटिंग शुरू हो गई. नासिक में कॉलेज के विद्यार्थियों के इस तरह के वीडियोज सामने आने का यह पहला वाकया नहीं है. यहां के छात्र बताते हैं कि अक्सर यहां कॉलेजों में इस तरह की छोटी-मोटी बातें हो जाती हैं.

