April 18, 2026

छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेता की भांजी ने गर्ल्स हॉस्टल में लगाई फांसी

injini

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल में कांग्रेस नेता की भांजी ने शनिवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के कान में हेडफोन लगा था और मोबाइल नीचे गिरा पड़ा था। ऐसे में आशंका है कि वह बात करते-करते किसी से कोई विवाद या तनाव होने पर यह आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर हुई होगी। उसने शुक्रवार शाम अपनी मां से आखिरी बार बात की थी। परिजनों ने बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुराना बस स्टैंड के पास कश्यप कॉलोनी में सृष्टि गर्ल्स हॉस्टल है। यहां बिल्हा क्षेत्र के बरतोरी निवासी प्रियंका कौशिक पिता मालिकराम (24 साल) रूम किराए पर लेकर रहती थी। उसने तीन साल पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद से पुराना बस स्टैंड के पास ही तिवारी आर्किटेक्ट के ऑफिस में बतौर इंजीनियर काम करती थी। शनिवार को वह ऑफिस नहीं गई और ना ही ऑफिस के अधिकारियों-कर्मचारियों के कॉल और मैसेज का जवाब दिया।

कमरे में फंदे पर लटकती मिली लाश
बताया जा रहा है कि प्रियंका फोन नहीं उठा रही थी और न ही वॉट्सऐप मैसेज का जवाब दे रही थी। इस पर उसके साथ काम करने वाला युवक शाम 4.30 बजे सृष्टि गर्ल्स हॉस्टल पहुंचा। उसने हॉस्टल संचालिका से उसके संबंध में पूछताछ की। हॉस्टल संचालिका उसके रूम में जाकर आवाज देने लगी। अंदर से आवाज नहीं आने पर उसने खिड़की का शटर हटाकर देखा, तब वह फंदे पर लटक रही थी। युवक के साथ मिलकर उन्होंने दरवाजा को धक्का देकर खोल दिया। फिर उसके परिजन को सूचना दी। परिजन के पहुंचने के बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

TI प्रदीप आर्या ने बताया कि परिजन की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया है। परिजन को आपत्ति थी कि दरवाजा तोड़ने से पहले पुलिस को घटना की जानकारी क्यों नहीं दी गई। जिस युवक ने फोन रखा था, वह प्रियंका की जानकारी लेने गया था। पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है। साइबर सेल की मदद से उसकी जांच की जाएगी। युवती फोन से बात कर रही थी कि नहीं, इसका राज भी मोबाइल से ही खुलेगा। मोबाइल की जांच के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने शव को मरच्यूरी भेज दिया। रविवार की सुबह उसका पोस्टमॉर्टम किया जाना था।


You may have missed