सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ा लिया
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में अपनी प्रेमिका को ही गोली मार दी। गोली लगने से घायल छात्रा तड़पने लगी तो युवक ने खुद को भी गोली से उड़ा लिया।


प्रेमनगर की बीएससी की छात्रा अनामिका साहू शनिवार को कॉलेज कैंपस में अपनी सहेलियों के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान छात्र संजय भगत वहां पहुंचा और उसकी सहेलियों को वहां से भागने को बोला। उसने अचानक कट्टा निकाल कर अनामिका पर तान दिया और फिर गोली चला दी। कॉलेज में गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां अफरा तफरी मच गई। गोली लगने से घायल छात्रा मौके पर तड़पने लगी तो संजय ने कुद अपनी सिर पर कट्टा रखकर ट्रिगर दबा दिया।
घटना में छात्र संजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छात्रा को गंभीर हालत में इलाज के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला एक तरफा प्यार का बताया जा रहा है। संजय उसे पसंद करता था लेकिन अनामिका कई बार इनकार कर चुकी थी।

