Video: आसमान से गिरे सिलेंडर और लोहे के छ्ल्ले, छत्तीसगढ़ और भोपाल समेत इन राज्यों में दिखा ये दृश्य
नागपुर: लोग उस समय हैरान हो गए जब आसमान से दहकती हुई कुछ अज्ञात वस्तुएं गिरती दिखाई दीं, जिसके बाद महाराष्ट्र के सिंदेवाही तहसील के दो गांवों में लोहे के छल्ले और सिलेंडर नुमा वस्तुएं पाई गई हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। चंद्रपुर के जिलाधिकारी अजय गुलहाने ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्थानीय लोगों ने शनिवार को अपराह्न करीब 7.50 बजे सिंदेवाही तहसील के लाडबोरी गांव में खुले भूखंड में लोहे का एक छल्ला पड़ा देखा।


अजय गुलहाने ने कहा,‘लोहे का छल्ला पहले वहां नहीं था, इसलिए यह कहा जा सकता है कि यह कल आसमान से गिरा होगा.’ गुलहाने ने बताया कि मुंबई के आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को यह जानकारी दे दी गई है और एक दल चंद्रपुर के गांव का दौरा कर सकता है।
#WATCH | Maharashtra: In what appears to be a meteor shower was witnessed over the skies of Nagpur & several other parts of the state. pic.twitter.com/kPUfL9P18R
— ANI (@ANI) April 2, 2022
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह इसी तहसील के पवनपार गांव में सिलेंडरनुमा वस्तु पाई गयी। उन्होंने कहा,‘‘ यह सिलेंडरनुमा वस्तु है जिसका व्यास एक से डेढ़ फुट है। इसे जांच से लिए रख लिया गया है। हमने कनिष्ठ राजस्व अधिकारियों को जिले के प्रत्येक गांव में भेजा है,ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं किसी गांव में और कोई वस्तु गिरी तो नहीं है।’
वहीं ये नजारा छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले समेत महाराष्ट्र के बुलढाणा, अकोला और जलगांव जिलों में शाम करीब साढ़े सात बजे और पड़ोसी मध्य प्रदेश के बड़वानी, भोपाल, इंदौर, बैतूल और धार जिलों में भी देखने को मिले।

