11वीं की छात्रा का सिगरेट पीते दोस्तों ने बनाया Video, फिर वायरल होने की डर से किया सुसाइड
इंदौर: 11वीं में पढ़ने वाली एक छात्रा को सिगरेट पीना उस वक्त महंगा पड़ गया जब उसके ही दोस्तों ने उसका वीडियो बना लिया और फिर ब्लैकमेल करने लगे। इसके बाद उस वीडियो को लड़की के परिवार और सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर परेशान करने लगे। इस वजह से 11वीं की छात्रा डिप्रेशन में आ गई। वो इतनी परेशान हो गई कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर डाली।


यह घटना मध्य प्रदेश के इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। सुसाइड करने वाली का नाम हीरन्या था और वो 18 साल की थी। लड़की के पिता केशव लोनखेड़े शहर के जाने-माने डॉक्टर हैं। हीरन्या ने रविवार यानी 15 मई की देर शाम को घर पर ही अपने कमरे में फांसी लगाई है। घटना के वक्त माता-पिता घर पर नहीं थे। छोटी बहन और छोटा भाई घटना के वक्त घर के बाहर खेल रहे थे। छात्रा अकेली थी। जब माता-पिता घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार शनिवार को हीरन्या ने अपने पिता को बताया था कि वह कोचिंग से निकलने के बाद अपने दोस्तों के साथ सिगरेट पी रही थी। इसी दौरान कोचिंग में साथ पढ़ने वाले एक छात्र और छात्रा ने उसके फोटो ले लिए। वे उन फोटो को लेकर उसे डराने लगे। फोटो को पापा-मम्मी को बताने की धमकी दे रहे थे। इसी बात को लेकर वह काफी डिप्रेशन में थी। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार के बयान के बाद संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

