April 18, 2026

10 दिन तक मां की लाश के साथ रही बेटी, बदबू ने उठाया मौत से पर्दा

ma kim

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मां की मौत के बाद कई दिनों तक बेटी उसकी लाश के साथ रहती रही। लाश की बदबू पड़ोसियों तक पहुंची तो पुलिस को सूचना दी गई, तब जाकर लाश निकाली गई। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं उसकी 30 साल की बेटी को करीबी रिश्तेदारों के पास भेज दिया गया है।


घटना इंदिरा नगर थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी मयूर रेजिडेंसी की है, जहां HAL से रिटायर्ड इंजीनियर सुनीता दीक्षित अपनी बेटी के साथ अकेले रहती थीं। करीब 10 साल पहले पति से तलाक होने के बाद से मां बेटी मयूर रेजिडेंसी के मकान नंबर 26 में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर इंदिरा नगर पुलिस को स्थानीय लोगों ने मकान से बदबू आने की सूचना दी। कई दिनों से मां-बेटी पड़ोसियों को दिखाई भी नहीं पड़ रहे थे लिहाजा अनहोनी की आशंका में पुलिस बुलाई गई।

पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान से बदबू आ रही थी. बेटी अंकिता दूसरे कमरे में थी। खिड़की से देखा गया तो कमरे के अंदर सुनीता दीक्षित की लगभग 1 सप्ताह पुरानी लाश पड़ी हुई थी, दरवाजा अंदर से बंद था, ऐसे में पुलिस को दरवाजा तोड़कर लाश निकालनी पड़ी। फिलहाल शुरुआती पड़ताल में 30 वर्षीय बेटी अंकिता मानसिक तौर पर बीमार लगी, पूछताछ के बाद करीबी रिश्तेदारों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बेटी अंकिता को उसके मामा के सुपुर्द कर दिया गया है। मां की मौत कैसे हुई और बेटी मौत को क्यों छुपाती रही? लाश क्यों नहीं दी? पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच करने में जुट गई है, इसी वजह से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस मामले में इंस्पेक्टर इंदिरा नगर का कहना है बेटी के अनुसार मां लंबे समय से बीमार चल रही थी। लिहाजा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।


You may have missed