रायपुर पुलिस को सलाम: रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से तड़पने लगी महिला, RPF ने साड़ी से बनाया घेरा, गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आरपीएफ महिला टीम की खूब तारीफ हो रही है। दरअसल रायपुर रेलवे स्टेशन में एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इस पर टीम ने गर्भवती की डिलीवरी में अहम भूमिका निभाई है।


रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर आरपीएफ की महिला टीम गश्त कर रही थी। इसमें एएसआई ऋतुजा भालेकर, अरविंद सिंह, ज्योति साहू शामिल थीं। तभी उन्होंने देखा कि एक गर्भवती प्रसव पीड़ा से तड़प रही है। वह प्लेटफार्म पर दर्द से कराहने लगी थी। गश्त करते वहां पहुंची आरपीएफ की महिला टीम ने तत्काल एक्शन लिया और साड़ी व अन्य कपड़ों का घेरा बना लिया। फिर महिला की प्रसव प्रक्रिया शुरू कराई।
इस बीच एंबुलेंस को भी कॉल किया गया। कुछ देर में एंबुलेंस पहुंच गई। महिला पुलिस कर्मियों ने गर्भवती को अपनी गोद में उठा कर स्टेशन के बाहर पहुंचाया और 102 एंबुलेंस से अंबेडकर अस्पताल भेजा गया। अब महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिला जलाकांति महानंद अपने पति धनेश्वर महानंद के साथ बलांगीर ओडिशा जाने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी।

