एक महीने में तेल के दाम घटे, दाल की कीमत भी हुई कम, टमाटर और आलू ने बिगाड़ा रसोई का जायका
नई दिल्ली: आरबीआई की महंगाई पर लगाम लगाने की कोशिशों का असर तेल और दाल की कीमतों पर देखा जा रहा है, लेकिन टमाटम और आलू के बढ़ते दाम इसे बर्बाद कर सकती है।


उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक एक महीने में टमाटर 31.64 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 52.32 रुपये प्रति किलो हो गया है। इसमें 70 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। वहीं आलू के दाम 20.93 रुपये से बढ़कर 24.12 रुपये प्रति किलो हो गए है। इसमें 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
वहीं एक महीने में पाम तेल की कीमतें 157.69 रुपये लीटर से घटकर 155.94 रुपये हो गई है। सरसों के तेल का भाव 184.95 से घटकर 183.16 रुपये हो गया है। चाय की पत्ती 286.97 से कम होकर 284.21 रुपये और प्याज का दाम 24.16 से गिरकर 23.81 पर आ गया है।
आरबीआई ने 4 मई को रेपो रेट में 0.40 फीसदी की बढ़ोतरी की थी और 8 जून को इसे बढ़ाने की उम्मीद है। खाद्य सचिव सुधांशु पांडे ने कहा है कि दक्षिण भारत में टमाटर की कीमतें दो सप्ताह में स्थिर हो जाएंगी। देश के कुछ हिस्सों में टमाटर 50 रुपये से 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में टमाटर की कीमत स्थिर बनी हुई है और जिन इलाकों में इसकी कीमत बढ़ी है, वहां बारिश से फसल प्रभावित हुई है।
सरकार ने 13 मई को निर्यात पर प्रतिबंध लगाकर गेहूं की कीमत कम करने की कोशिश की, लेकिन यह अभी भी महंगा हो रहा है। एक महीने में दाम 28.75 से 29.57 रुपये पर पहुंच गया। आटे का दाम 29.29 रुपये से बढ़कर 33.44 रुपये प्रति किलो हो गई है। दाल की कीमत 96.40 से रु. 96.83 रुपये हो गई है।

