April 29, 2026

अग्निपथ योजना के विरोध में आज भारत बंद, छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को अलर्ट जारी

band--1024x553

रायपुर: देशभर में अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बिच आज सोमवार 20 जून को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसे लेकर छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। जारी पत्र में लिखा है – 20.06.2022 को केन्द्र सरकार के नये सैन्य भर्ती मॉडल ‘अग्निपथ’ के विरोध में भारत बंद का आव्हान किया गया है।


गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्राप्त पत्र एवं आसूचना के आधार पर प्रदर्शनकारियों द्वारा हिंसक प्रदर्शन करने, विभिन्न शासकीय प्रतिष्ठान एवं रेल्वे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं। अतएव इस दौरान कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों एवं राज्य नियंत्रण कक्ष, पु.मु., रायपुर को भी अवगत कराया जाये।

केरल पुलिस ने कहा कि हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए उसका पूरा बल सोमवार को ड्यूटी पर रहेगा।

झारखंड में सोमवार को बंद के आह्वान के बीच स्कूल बंद रहेंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि कक्षा 9 और 11 की चल रही परीक्षाओं को भी बंद को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है।

दिल्ली के पास गौतम बौद्ध नगर में, पुलिस ने कहा कि बड़ी सभाओं पर प्रतिबंध लगाने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है। लोगों से कहा गया है कि वे कानून-व्यवस्था को बाधित न करें, जो ऐसा करते पाए जाएंगे उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।

दिल्ली के पास फरीदाबाद में, पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा कि वे किसी भी अप्रिय घटना को टालने की कोशिश कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई है और कल 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को मैदान में उतारा जाएगा।

पंजाब के एडीजीपी, लॉ एंड ऑर्डर ने सभी सीपी और एसएसपी को भारत बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि हम सोशल मीडिया से गलत जानकारी फैलाने वालों पर भी नजर रखे हुए हैं। हम इस बात का खास ख्याल रखेंगे कि भारत बंद के दौरान कोई इस प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल न करे।

कांग्रेस ने कहा कि अग्निपथ योजना और राहुल गांधी के प्रति केंद्र सरकार की ‘प्रतिशोध की राजनीति’ के खिलाफ देश भर में लाखों पार्टी कार्यकर्ता सोमवार को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। पार्टी ने पहले भी स्पष्ट किया है कि वो युवाओं के साथ है।

बता दें कि केंद्र सरकार ने बीते 14 जून को थल सेना, नौसेना और वायु सेना में सैनिकों की भर्ती के लिए अल्पकालिक संविदा भर्ती कार्यक्रम “अग्निपथ” का अनावरण किया था। कार्यक्रम के तहत, साढ़े 17 से 21 साल की उम्र के युवा पुरुषों और महिलाओं को थल सेना, नौसेना और वायु सेना में मुख्य रूप से चार साल के अल्पकालिक अनुबंध के आधार पर भर्ती किया जाना है।

जैसे ही विरोध तेज हुआ, केंद्र ने केवल साल 2022 के लिए भर्ती के लिए ऊपरी आयु सीमा 23 साल तक बढ़ा दी। हालांकि, इस संबंध में सरकार का कहना है कि हंगामा देख कर कोई फैसला नहीं लिया गया है. बदलाव पूर्व निर्धारित थे।

रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक के बाद तीनों सेना प्रमुख ने पीसी की, इसमें उन्होंने योजना के संबंध में सारी जानकारी दी। साथ ही युवाओं से अपील की कि वो प्रदर्शन करना छोड़कर भर्ती के लिए तैयारी करें। सेना में अनुशासनहीनता की कोई जगह नहीं है.


You may have missed