April 28, 2026

डिलीवरी बॉय की जाति सुनकर मुंह पर थूंका, खाना लेने से किया इंकार और फिर….

lucknow zomato delivery boy

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां शनिवार रात जोमैटो के डिलीवरी बॉय से खाना लेने से कस्टमर ने इंकार कर दिया। वजह थी कि डिलीवरी बॉय दलित था। आरोप है कि कस्टमर को जैसे ही डिलीवरी बॉय के दलित होने का पता चला, उन्होंने खाना लेने से इंकार कर दिया।


मामला केवल मारपीट का- पुलिस
सिर्फ यही नहीं, परिवार के लोगों के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय की जमकर पिटाई भी की। मन नहीं भरा तो उसके मुंह पर थूक दिया। ये पूरी घटना आशियाना इलाके की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 2 नामजद, 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामला केवल मारपीट का है।

नाम सुनते ही भड़क गया कस्टमर
आशियाना निवासी विनीत रावत जोमैटो में डिलीवरी बॉय है। शनिवार रात उसे आशियाना में ही अजय सिंह नाम के कस्टमर के यहां डिलीवरी देने के लिए भेजा। वो डिलीवरी लेकर पहुंचा। विनीत ने आरोप लगाया कि जैसे ही उसने अजय सिंह को अपना नाम विनीत रावत बताया। इस पर वह भड़क गए। उन्होंने गालियां देते हुए कहा- अब हम तुम लोगों का छुआ सामान लेंगे क्या? इस पर मैंने उनसे कहा, अगर आपको खाना नहीं लेना है तो कैंसिल कर दीजिए, पर गालियां मत दीजिए।

इस पर, पहले तो उन्होंने खाने का पैकेट फेंक दिया, इसके बाद मुंह पर तंबाकू थूक दिया। जब विनीत ने विरोध किया तो अजय और उनके परिवार के सदस्यों ने मिलकर उसकी डंडों से खूब पिटाई की। विनीत जैसे-तैसे वहां से भागे और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद पहुंची डायल- 112 की टीम ने विनीत को उसकी गाड़ी दिलवाई और कहा कि थाने जाकर केस दर्ज करा दे।

इस मामले में आशियाना इंस्पेक्टर दीपक पांडेय का कहना है कि ‘शनिवार रात विपिन ऑर्डर लेकर पहुंचा तो अजय अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए कही जा रहे थे। अजय के मुताबिक जैसे ही वह घर से निकले विनीत पहुंच गया। विनीत ने उन्हीं से उनके घर का पता पूछा। अजय ने पान मसाला खाया हुआ था। विनीत को पता बताने के लिए उन्होंने मसाला थूका। इसके छींटे विनीत पर पड़ गए। इस पर विनीत ने गाली देते हुए विवाद किया। इसी बात पर अजय और उनके घरवालों ने विनीत की पिटाई कर दी।’

वकील के साथ थाने पहुंचकर दर्ज कराई FIR
पुलिस ने बताया कि विनीत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस विनीत को थाने लेकर आ रही थी। लेकिन उसने उस वक्त मना कर दिया था। रविवार को वकील के साथ आकर FIR दर्ज कराई। फिलहाल, रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। आसपास लगे हुए CCTV की भी जांच की जाएगी।


You may have missed