बर्थ-डे पार्टी के बाद युवक ने नशे में फूंक दी ATM, राशन दुकान और कार: फिर लोगों से पूछने लगा-किसने किया
कोरबा: कोरबा के बरमपुर स्थित पुरानी बस्ती में एक नशेड़ी युवक ने आधी रात जमकर उत्पात मचाया। दरअसल, नशेड़ी ने ATM, राशन दुकान और घर के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी। आग से कार जलकर खाक हो गई। जबकि राशन दुकान और ATM को नुकसान हुआ है। ATM के बटन और कैश विड्रॉल सिस्टम जल गया है। इसके बाद ATM बूथ को बंद कर दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ घंटे बाद एक नशेड़ी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सर्वमंगला चौकी क्षेत्र का है।


कार में आग के बाद होने लगे धमाके
जानकारी के मुताबिक, बरमपुर स्थित पुरानी बस्ती निवासी रमेश पटेल की नई कार उनके घर के बाहर खड़ी हुई थी। देर रात करीब 1 बजे घर में धुआं भरने से उनकी नींद खुल गई। इस पर वे बाहर निकले तो देखा कि उनकी कार धू-धू कर जल रही है। अचानक से कार से जोर-जोर से धमाके भी होने लगे। इसके चलते आसपास के लोग भी घबरा कर घर से बाहर निकल आए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो वह भी पहुंच गई।
लोगों ने आरोपी को नशे में देखा तो जताया शक
इस दौरान पता चला कि बस्ती में लगे हिताची कंपनी के ATM से भी छेड़छाड़ और आग लगाने का प्रयास किया गया है। वहीं बूथ के बगल में स्थित राशन की दुकान को भी जलाने का प्रयास किया गया। इस दौरान लोगों के साथ कुसमुंडा के वैशाली नगर निवासी मनीष कौशिक भी दिखाई दे रहा था। वह हर जगह घूम-घूम कर लोगों से पूछ रहा था, किसने आग लगाई है। इस पर लोगों ने उसे पकड़ा तो नशे की हालत में था।
ATM तोड़ने का प्रयास किया, सफल नहीं हुआ तो लगाई आग
मनीष के जाने के बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। चौकी प्रभारी वैभव तिवारी ने बताया कि मनीष करीब 8-9 साल पहले वहीं बस्ती में ही रहता था। इतनी रात में उसे वहां देख संदेह हुआ। रात करीब 3 बजे मनीष को उसके घर से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि दोस्त की बर्थ पार्टी मनाने के बाद वह बस्ती में पहुंचा था। पहले उसने ATM तोड़ने का प्रयास किया। सफल नहीं हुआ तो उसे जलाने का प्रयास किया।
इसके बाद आरोपी बाहर निकला और ATM बूथ के बगल स्थित राशन दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास करने लगा। वहां भी उसने कचरा डालकर आग लगा दी। हालांकि शटर बंद होने से नुकसान नहीं हुआ।

