March 29, 2024

प्रेमिका को चौथी मंजिल से फेंकने वाले युवक का पुलिस ने किया एनकाउंटर: मुठभेड़ में पैर पर लगी गोली


लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लड़की को चौथी मंजिल से फेंकने के आरोपी सूफियान को पुलिस ने एक मुठभेड़ में पकड़ लिया है। उसके पैर में गोली लगी है। उसे KGMU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार सुबह ही पुलिस कमिश्नर की ओर से सूफियान पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।


सूफियान और उसका परिवार मंगलवार रात घटना के बाद से फरार था। आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वह दुबग्गा में है। इसके बाद ACP काकोरी DK सिंह की अगुआई में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख सूफियान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।

लड़की को छत से फेंका, धर्म परिवर्तन का आरोप
परिवार ने पुलिस में जो शिकायत की है, उसके मुताबिक दुबग्गा में रहने वाली निधि गुप्ता (19) और सूफियान में प्रेम संबंध था। लड़की के परिवार को यह बात पता चली तो वे विरोध करने सूफियान के घर पहुंचे और शिकायत की। उनकी बहस हो रही थी तभी नाराज होकर सूफियान छत की ओर भागा और वहां पहले से खड़ी निधि को नीचे फेंक दिया।

लड़की के पिता रवि गुप्ता ने सूफियान को पकड़ना चाहा, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर फरार हो गया। नीचे देखा तो निधि खून से लथपथ पड़ी हुई थी। तुरंत अस्पताल लेकर गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। निधि के परिजन का आरोप है कि सूफियान उनकी बेटी पर धर्म बदलने का दबाव बना रहा था।

मां ने कहा- पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई
निधि की मां लक्ष्मी गुप्ता ने आरोप लगाया, ‘निधि कुछ दिन पहले अपनी नानी के घर गई थी। वापस आने के बाद वो सूफियान से मिलती नहीं थी। सूफियान से बातचीत भी नहीं कर रही थी। इसी बात को लेकर सूफियान गुस्से में था। वो हम लोगों से झगड़ा करता और जान से मारने की धमकी भी देता था। थाने में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।’