कांग्रेस का 85वां अधिवेशन रायपुर में:आज आएंगे राहुल गांधी, खड़गे लेंगे स्टीयरिंग कमेटी की बैठक, कांग्रेस के भविष्य पर होंगे अहम फैसले

राजधानी रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। देशभर से कांग्रेस नेता रायपुर पहुंचे हुए हैं। राहुल गांधी आज दोपहर 2 बजे के बाद पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को स्टीयरिंग कमेटी की बैठक होगी। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे।

सुबह 10 बजे से स्टीयरिंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में महत्वपूर्ण नीतियों पर चर्चा की जाएगी। शाम 4 बजे सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी। जहां 6 प्रस्तावों पर चर्चा होगी। राहुल के देर से आने की वजह से माना जा रहा है कि वो स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे। प्रियंका गांधी शनिवार को पहुंचेंगीं।
क्या होगा स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में…
कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों की रणनीति इस बैठक में तय होगी। सबसे महत्वपूर्ण होगा CWC का चुनाव। ये चुनाव होगा भी या नहीं इस पर चर्चा की जाएगी। दिनभर इस बैठक के बाद शाम के वक्त सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी। जिसमें तय किया जाएगा कि इस अधिवेशन में किन बड़े विषयों पर चर्चा की जानी है। चर्चा के बाद उन संबंधित विषयों पर रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी को जनता के मूड, के हिसाब से सलाह देंगे कि क्या करें और क्या न करें।
आज रायपुर आएंगे 62 बड़े नेता
शुक्रवार को राहुल गांधी के अलावा देशभर से 62 और बड़े कांग्रेस नेता रायपुर आएंगे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस के अन्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, कई विधायक और प्रदेश की सरकारों में मंत्री शामिल हैं। सचिन पायलट और पूर्व मंत्री शिवराज पाटिल भी शुक्रवार को रायपुर आएंगे।
25 और 26 फरवरी को क्या- क्या होगा
25 फरवरी को प्रस्ताव: राजनीतिक, आर्थिक और इंटरनेशनल अफेयर्स पर चर्चा के बाद प्रस्ताव लाए जाएंगे
26 फरवरी को – कृषि, किसान कल्याण, युवा रोजगार और शिक्षा तथा सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर चर्चा होगी
26 फरवरी को ही दो बजे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का अंतिम भाषण होगा। चार बजे पैदल रैली होगी। जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।
मंच पर सबसे पहले अबुल कलाम की तस्वीर
रायपुर में हो रहे कांग्रेस के अधिवेशन में बाईं ओर से मंच को देखने पर सबसे पहले जो तस्वीर दिखती है वो है अबुल कलाम आजाद की। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक प्रमुख राजनीतिक नेता थे और 1923 और 1940 में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुने गए थे। इसके बाद मंच की तस्वीरों में सुभाष चंद्र बोस, भीमराव आंबेडकर, सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह हैं।
40 हजार से ज्यादा रोटी रोज, बाहर कितनी भी गर्मी होगी डोम रहेंगे ठंडे
12 से ज्यादा डोम लगभग तैयार कर लिए गए हैं। हर डोम एयरकंडीशंड रहेंगी और इनकी कूलिंग क्षमता 350-350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। मंच के आसपास ही 170 से ज्यादा एसी रहेंगे। हर दिन 20 हजार लोगों के लिए खाना बनेगा। 9 छोटे-बड़े किचन डोम बने हैं। हर सेक्टर में बैठे लोगों के लिए किचन है जहां सैंकड़ों किलो आटा, चावल सब्जियां रोज पकेंगी। यहां छत्तीसगढ़िया मिलेट्स के व्यंजन, मुनगा की सब्जी, चीला पकाया जा रहा है।