Facebook अपने यूजर्स के लिए लेकर आया कमाल का फीचर: अब वीडियो एडिट और अपलोड करना होगा और भी आसान
फेसबुक (Facebook) ने यूजर्स की सुविधा के लिए वीडियो फीचर्स में कई अपग्रेड करने की घोषणा कर दी है। कंपनी ने एक नए वीडियो टैब जोड़ा है।


इस टैब (Video Tab) की मदद से वीडियो को एडिट (Video Editing) करना और अपलोड करना आसान हो जाएगा। साथ ही कंपनी ने रिफाइंड एडिटिंग टूल्स (Refined Editing Tools) , एचडीआर में वीडियो अपलोड करने की क्षमता और पुराने वॉच टैब के स्थान पर वीडियो टैब जैसी कई सुविधाओं को भी जोड़ा है।
वीडियो एडिट करना होगा आसान
नए एडिटिंग टूल की मदद से यूजर्स को अपने वीडियो में म्यूजिक, फिल्टर और अन्य इफेक्ट जोड़ने में आसानी होगी। यूजर्स अपने वीडियो को ट्रिम और कट करने के साथ टाइटल और कैप्शन भी एड कर सकेंगे। साथ ही यूजर्स एचडीआर में वीडियो अपलोड कर सकेंगे, जिससे ज्यादा शानदार कलर और क्वालिटी वाली वीडियो को अपलोड किया जा सकेगा।
ये नई सुविधाएं भी मिलेंगी
नया वीडियो टैब यूजर्स के लिए फेसबुक पर वीडियो ढूंढना और देखना आसान बना देगा। कंपनी ने पुराने वॉच टैब को इसके साथ बदल दिया और कहा कि यह जल्द ही शॉर्टकट बार पर दिखाई देगा। मेटा इसे “फेसबुक पर रील्स, लंबी वीडियो और लाइव कंटेंट सहित सभी वीडियो के लिए वन-स्टॉप शॉप” कहता है। मेटा के अनुसार, “वीडियो” ऑप्शन एंड्रॉयड एप के टॉप पर और आईओएस वर्जन के नीचे होगा।
रील्स बनाना होगा आसान
यूजर्स के पास एक अलग रील्स सेक्शन के साथ वीडियो के पर्सनलाइज फीड से वर्टिकली ब्राउज करने की सुविधा भी मिलेगी। कंपनी ने कहा कि वह फेसबुक फीड पर रील्स एडिटिंग टूल ला रही है, जिसका मतलब है कि एप से अपलोड करते समय यूजर्स सीधे अपने वीडियो में ऑडियो, टेक्स्ट और म्यूजिक एड कर सकेंगे।
मेटा नए एडिटिंग ऑप्शन भी जोड़ रहा है, जैसे किसी क्लिप की स्पीड को बदलने, उसे रिवर्स करने या उसे रिप्लेस करने की सुविधा भी मिलेगी।
कंपनी का कहना है कि वह ऑडियो ट्रैक चुनना, न्वाइज कम करना और ऑडियो के लिए वीडियो पर वॉयस ओवर रिकॉर्ड करना जैसी चीजों को आसान बनाने के लिए काम कर रहा है। वहीं मेटा एचडीआर क्वालिटी में वीडियो अपलोड करने की सुविधा भी देने वाला है। यानी यूजर्स सीधे फोन से ही हाई क्वालिटी वीडियो अपलोड कर सकेंगे।
बता दें कि मेटा लगातार अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर रील्स और वीडियो कंटेंट फॉरमेट को बढ़ाने पर काम कर रहा है। इसी साल मार्च में मेटा ने फेसबुक के लिए रील्स लिमिट को 60 सेकंड से बढ़ाकर 90 सेकंड किया है।

