July 10, 2025

शीतलहर की चपेट में छत्तीसगढ़: 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे


रायपुर: छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट जारी है। न्यूनतम तापमान में कमी के साथ दिन का पारा भी कम हो रहा है। सरगुजा संभाग में शीत लहर चल रही है।


मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 24 घंटे में ठंडी और शुष्क हवाओं के असर से रात के तापमान में कमी जारी रहेगी।

मंगलवार को प्रदेश के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 6.02 डिग्री, जशपुर में 7.8 और कोरिया में 8.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया ।

रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में दिन का औसत तापमान 3 से 4 डिग्री कम रहा। जिसके चलते ठिठुरन वाली ठंड दिन में भी महसूस होने लगी है।

दुर्ग में सुबह से ही शीत लहर चल रही है। सुबह 7 बजे तक शीतलहर चलने के साथ ही कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के बाद लोग धूप सेंककर राहत पा रहे हैं।

शहर में ठंड से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। न्यूनतम तापमान में महज 24 घंटे में ही 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज होने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।