साजा विधायक ईश्वर साहू पर बनेगी ‘दंगल द बिरनपुर फाइल्स’: प्रोड्यूसर का सामने आया बड़ा बयान
साजा के भाजपा विधायक ईश्वर साहू पर छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘दंगल द बिरनपुर फाइल्स’ (Dangal The Biranpur Files) बनाने की तैयारी चल रही है।
मेकर्स ने विधायक साहू से अनुमति ले ली है। स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है। जल्द ही शूटिंग शुरू होगी। कलाकारों के ऑडीशन भी शुरू हो चुके हैं। डायरेक्टर और लीड हीरो के नाम जल्द सामने आएंगे।
प्रोड्यूसर हेमलाल चतुर्वेदी ने बताया, मैं साजा क्षेत्र का रहने वाला हूं। बिरनपुर की घटना और उसके बाद ईश्वर साहू का विधायक बनना, यह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। इस घटना को मैं पूरे छत्तीसगढ़ तक पहुंचाना चाहता हूं।
यह हुआ था बिरनपुर में
बेमेतरा के ग्राम बिनरपुर में दो समुदायों के बीच हुए विवाद में ईश्वर साहू के बेटे भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। अप्रैल 2023 में हुई इस घटना के बाद यहां के हालात तनावपूर्ण हो गए थे।
हिंसा इतनी भड़की की दो अन्य लोगों की भी मौत हुई। पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। भाजपा ने इसे लेकर तत्कालीन सरकार पर गंभीर आरोप लगाएं। इसके बाद सरकार ने उच्चस्तरीय जांच, साहू के परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 10 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया था।
साहू ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। बाद में भाजपा ने ईश्वर साहू को विधानसभा चुनाव में कद्दावर कांग्रेस नेता और कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के खिलाफ चुनाव में उतार दिया। साहू चौबे को पराजित कर विधायक बनने में सफल रहे।