June 3, 2026

विद्यालय और रिहायसी क्षेत्र में शराब दुकान का विरोध: कॉलोनीवासियों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी

IMG_20250616_065105

 


रायपुर: डूंडा क्षेत्र के निवासी इन दिनों खासे परेशान हैं। एक शराब दुकान का संचालन ठीक रिहायसी कॉलोनियों के बीच और शासकीय विद्यालय और हाई स्कूल के मात्र 100 मीटर के दायरे में शुरू हो गया है। इससे न सिर्फ बच्चों की शिक्षा का वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि महिलाओं व आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी संकट मंडरा रहा है।

लोगों को सताने लगी डर

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है। विद्यालय परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़ लगती है जिससे छात्र-छात्राओं और राह चलती महिलाओं को असुविधा होती है।

तीन कॉलोनियों के रास्ते में खुला शराब दुकान 

बताया जा रहा है कि जिस रास्ते पर शराब की दुकान खोली है, उस रास्ते में तीन कॉलोनियां इंप्रेशिया (E3), फ्रेंड्स क्लब और अटलमन है। ऐसे में अब एक शांत और भाईचारे से भरे वातावरण में अब असुरक्षा और अव्यवस्था का माहौल बन गया है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि जल्द ही इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो किसी अप्रिय घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रशासन ने की नियमों की अनदेखी

छत्तीसगढ़ शासन की नीति और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार विद्यालय, रिहायसी क्षेत्र और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब दुकान खोलना उचित नहीं है, फिर भी प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करते हुए यह दुकान खुलवा दी है।

कलेक्टर के जवाब से कॉलोनीवासी असंतुष्ट

क्षेत्रवासियों ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए विधायक मोतीलाल साहू, वार्ड पार्षद मनोज जांगड़े और जोन अध्यक्ष सचिन वाधवानी से भी संपर्क किया। साथ ही जिला कलेक्टर गौरव सिंह को टेलीफोन के माध्यम से अवगत कराया गया। हालांकि, कलेक्टर की ओर से निवासियों से ही शराब दुकान हटाने हेतु वैकल्पिक जमीन दिलाने की बात कहना लोगों को खटका।

अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे कॉलोनीवासी

इससे नाराज होकर आज महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला और मुजगहन थाना प्रभारी को सामूहिक आवेदन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक शराब दुकान को वहां से हटाया नहीं जाता, तब तक वे अनिश्चितकालीन धरना पर बैठने का संकल्प ले चुके हैं।

शासन से किया आग्रह

स्थानीय लोगों ने शासन से आग्रह किया है कि इस अवैध कब्जे में चल रही शराब दुकान को तत्काल स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था और सुरक्षा बहाल हो सके।


You may have missed