Chakhana Ke Liye Murder: चखना में ठंडा भजिया ले आया दोस्त, तो कर दी हत्या: लोहे के रॉड से मारकर उतारा मौत के घाट, देखें Video
Chakhana Ke Liye Murder: रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दोस्त ने अपने ही एक दोस्त की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वो चखना (Chakhana Ke Liye Murder) में ठंडा भजिया ले आया था। जी हां शराब पीने के दौरान जब दोस्त ठंडा चखना लाया तो उसकी लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है।


मामूली विवाद बना जानलेवा
दरअसल, थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले दो दोस्तों के बीच मामूली विवाद जानलेवा बन गया। जानकारी के अनुसार सनी साहू और दुर्गेश सतनामी दोनों डेयरी में कार्यरत थे और आपस में अच्छे मित्र थे। दुर्गेश सतनामी डेयरी परिसर में ही रहता था।
ठंडा भजिया लाने को लेकर रोड से किया हमला
घटना 23-24 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात की है। दोनों ने पहले से शराब का सेवन कर रखा था और बाद में डेयरी में बैठकर फिर से शराब पीने लगे। इसी दौरान दुर्गेश सतनामी खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा हो चुका था। ठंडा भजिया लाने की बात को लेकर सनी साहू और दुर्गेश सतनामी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे की हालत में सनी साहू ने पास में पड़े लोहे के रॉड से दुर्गेश सतनामी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दुर्गेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घायल दोस्त को अस्पताल लेकर पहुंचा आरोपी
घटना के बाद सनी साहू को अपनी गलती का एहसास हुआ और वह तत्काल घायल दुर्गेश को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गेश सतनामी पिता मोहन सतनामी उम्र 40 वर्ष निवासी कचना थाना खम्हारडीह रायपुर को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलने पर थाना खम्हारडीह पुलिस ने अपराध क्रमांक 405/25 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी जब्त कर लिया है।

