May 15, 2026

पूर्व पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमित दास का निधन: दोस्तों के साथ गए थे कान्हा किसली, स्वीमिंगपूल में नहाने के दौरान गई जान

IMG-20260515-WA0000

रायपुर: राजधानी रायपुर के संतोषी नगर स्थित मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड के पूर्व पार्षद और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमित दास का आकस्मिक निधन हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, वे अपने दोस्तों के साथ मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने गए हुए थे। वहां सभी दोस्त एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे थे। गुरुवार की रात रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि नहाते वक्त उनके गले में पानी भर गया और उन्हें दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


मौके पर मौजूद दोस्तों और रिजॉर्ट के कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें आनन-फानन में रायपुर के एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। यहाँ डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अमित दास रायपुर नगर निगम क्षेत्र में एक बेहद लोकप्रिय और सक्रिय जनप्रतिनिधि थे। वे मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे और उन्होंने मेयर इन काउंसिल (MIC) के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थीं। इसके अलावा वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे। उनके इस तरह अचानक चले जाने से उनके परिवार, समर्थकों और पूरे कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।


You may have missed