August 15, 2026

रायपुर में ज्वेलर्स दुकान में चोरी का खुलासा: दो महिला सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, दीवार तोड़कर लाखों का माल किए थे पार, देखें वीडियो

IMG-20260815-WA0002

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा कॉलोनी फेस-02 मठपुरैना स्थित श्रीगुरू ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की सुबह ज्वेलरी दुकान संचालक निमाई डोन्डा को दुकान में चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान की दीवार टूटी मिली और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 722/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुडिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने 10 से अधिक टीमों का गठन कर घटनास्थल और आसपास के इलाकों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और पुराने चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के बाद पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आकांक्षा की निशानदेही पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव इस चोरी के मास्टरमाइंड थे। दोनों ने पहले ज्वेलरी दुकान की रेकी की और चोरी की योजना बनाई। योजना में लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को शामिल किया गया। घटना के दौरान एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान के अंदर गए, जबकि लोकेश कुछ दूरी पर खड़ा रहा। चोरी किए गए जेवरात बाद में आरोपियों ने आपस में बांट लिए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक सोने का लॉकेट, चोरी में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन, कुल लगभग 7.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी

लोकेश राव उर्फ विकास, उम्र 35 वर्ष
एम. मोहन राव उर्फ मोनी, उम्र 39 वर्ष
मिराज आलम, उम्र 29 वर्ष
उषा उर्फ सपना खुंटे, उम्र 32 वर्ष
आकांक्षा सोनी, उम्र 26 वर्ष

पुलिस के अनुसार, आरोपी एम. मोहन राव पूर्व में हत्या के चार और चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है तथा हत्या के एक मामले में 10 वर्ष की सजा भी काट चुका है। वहीं लोकेश राव के खिलाफ दुर्ग जिले में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल जा चुकी है। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jkc News Web Portal (@jkcnews)


You may have missed