लड़की पर एसिड अटैक VIDEO: दूसरे युवक से बात करने से नाराज था प्रेमी, दोस्त से कराया हमला, भड़की भीड़ ने की आरोपियों को फांसी देने की मांग
बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के महज 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।


दो दोस्तों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को युवती लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात की साजिश कथित प्रेमी यश सोनकर ने अपने दोस्त करण के साथ मिलकर रची थी।

तीन महीने पहले बनाई थी योजना
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी यश सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद और उसका दोस्त करण कुंजाम, पिता दिनेश कुमार कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 15 भैरमगढ़, जिला बीजापुर ने करीब तीन महीने पहले युवती पर एसिड अटैक करने की योजना बनाई थी।
दोनों आरोपी बीजापुर में रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दोस्ती का हवाला देकर यश ने करण को वारदात में शामिल किया।
दुर्ग से खरीदा एसिड
पुलिस के अनुसार करण 26 सितंबर को बालोद आया था। इसके बाद 27 सितंबर को दोनों दुर्ग गए और वहां से एसिड खरीदा। उसी दिन वारदात को अंजाम देने की योजना थी, लेकिन गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा के चलते दोनों अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 5 अक्टूबर को यश के कहने पर करण ने लाइब्रेरी से पढ़ाई कर लौट रही युवती पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
दूसरे युवक से बात करने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी यश कथित तौर पर युवती से करीब डेढ़ साल से प्रेम करता था। आरोप है कि युवती किसी दूसरे युवक से बातचीत करती थी, जिसको लेकर यश नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवती पर हमला कराने की योजना बनाई।
एसिड बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई– SP
बालोद एसपी किरण गंगाराम चौहान ने बताया कि मामले में इस्तेमाल किया गया एसिड दुर्ग से खरीदा गया था। एसिड कहां से और किन परिस्थितियों में बेचा गया, इसकी भी जांच की जा रही है। जांच में यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों को पैदल कोर्ट ले गई पुलिस, भड़की भीड़
दोनों आरोपियों को पुलिस दल्लीराजहरा चौक से न्यायालय तक पैदल लेकर पहुंची। न्यायालय ले जाने से पहले दोनों आरोपियों का मुंडन भी कराया गया। घड़ी चौक पर आरोपियों को देखकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मौके पर मौजूद लोगों और छात्र-छात्राओं ने आरोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फांसी की मांग की। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों को न्यायालय पहुंचाया गया। आरोपियों की पेशी के दौरान न्यायालय परिसर को भी सुरक्षा घेरे में रखा गया था।
View this post on Instagram

