रायपुर में दोस्त निकला हत्यारा: पैसे को लेकर हुआ विवाद, घुमाने ले जाने की बात कहकर मारकर फेंका
Raipur Murder Case: रायपुर 06 मार्च 2026, राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी में युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक के साथ घर से निकला उसका दोस्त ही कातिल निकला। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लिया गया है।


रायपुर में कहां मिली थी युवक की लाश ?
पुलिस के मुताबिक, 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
परिजनों ने क्या कहा ?
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25 वर्ष) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे घर से अपने परिचित युवक के साथ बाहर गया था।
कैसे आरोपी तक पहुंची पुलिस ?
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19 वर्ष) राजा साहू के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
क्यों कि दोस्त की हत्या ?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी गाड़ी में कुछ दिन पहले हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था। बार-बार पैसे मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने से दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
12 घंटे के अंदर हुआ खुलासा
डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच की और महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया।

