May 19, 2026

CoWIN : एक मई से शुरू हो रहे टीकाकरण के चौथे चरण के लिए पहले दिन 1.33 करोड़ लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

vaiksin2

नई दिल्ली। भारत में एक मई से टीकाकरण का चौथा चरण शुरू हो रहा है। इस चरण में सरकार ने 18 साल से 44 साल कर की उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाने का फैसला किया है। 28 अप्रैल से इस चरण में टीका लगवाने के लिए कोविन (CoWIN) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। सामने आए शुरुआती आंकड़ों ने इशारा किया है कि बड़ी संख्या में नागरिक वैक्सीन लगवाने की तैयारी में हैं। आपको बता दें कि पहले दिन ही करीब 1.33 करोड़ लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। बुधवार को शुरू हुई इस प्रक्रिया के पहले दिन कई तरह की तकनीकी खामियां भी नजर आईं। कोविन ऐप पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण सर्वर भी प्रभावित हुआ था। हालांकि, कुछ ही समय में इन्हें ठीक भी कर लिया गया था और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी रही।


18+ वालों के वैक्सीनेशन के लिए आरोग्य सेतु एप और कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है लेकिन लोगों का आरोप है कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन के दौरान उन्हें कई परेशानी भी हुई हैं। इसके अलावा कोविन पोर्टल पर भी समस्याओं की शिकायत मिलती रही। कुछ लोगों को ओटीपी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इन समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर कई हैशटैग ट्रेंड होते रहे और लोगों ने स्क्रीनशॉट भी शेयर किए। इसके अलावा कुछ यूजर्स को ये भी मैसेज मिला कि अभी सिर्फ 45+ लोगों का ही रजिस्ट्रेशन हो रहा है। वेबसाइट और एप में दिक्कत की शिकायत के बाद आरोग्य सेतु ने ट्वीट कर कहा है कि कोविन पोर्टल अब ठीक से काम कर रहा है। शाम चार बजे मामूली दिक्कत आई थी। 18 साल से अधिक उम्र के लोग रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि 18 साल से अधिक आयु के सभी नागरिक कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए बुधवार को शाम चार बजे से कोविन पोर्टल या आरोग्य सेतु ऐप के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार एक मई से टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू करने के लिए तैयार है। मंत्रालय ने ट्वीट किया था, ‘‘कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के लिए नये, योग्य श्रेणी के लोग आज शाम चार बजे से कोविन पोर्टल और आरोग्य सेतु ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं।’’


You may have missed