राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में ब्यूटीशियन से रेप, वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित उसकी बुआ की बेटी का दोस्त है। युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपित ने एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म करने के साथ ही वीडियो भी बना लिया था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक ने कई बार युवती के साथ ज्यादती की। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।


होटल में बिताई रात
अशोका गार्डन थाना पुलिस के मुताबिक शिवाजी नगर निवासी 27 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है। उसमें बताया कि वह अनबन होने के कारण तीन साल से पति से अलग रहती है। पेशे से ब्यूटीशियन युवती ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी बुआ की विवाहित बेटी ने उसे अपने लोकेंद्र जाटव नाम के दोस्त से मिलवाया था। इसके बाद उसकी लोकेंद्र से बातचीत होने लगी थी। 18 अक्टूबर 2021 को बुआ की बेटी अपने पति और लोकेंद्र के साथ उसे लेकर महाकाल के दर्शन कराने उज्जैन ले गई थी। वहां से लौटने के बाद चारो ने अशोका गार्डन की एक होटल में खाना खाया। रात होने के कारण वे लोग होटल में रूक गए थे।
अश्लील वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल और दैहिक शोषण
बुआ की बेटी पति के साथ एक कमरे में रूक गए थे, जबकि बात करने के बहाने लोकेंद्र उसके कमरे में आ गया। लोकेंद्र ने डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने वीडियो भी बना लिया था। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोकेंद्र ने उसके साथ कई बार ज्यादती की। युवती ने जब पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी, तो लोकेंद्र ने कहा कि वह उसका पति से तलाक कराने में मदद करेगा। उसके बाद उसके साथ शादी कर लेगा। पिछले कुछ दिनों से लोकेंद्र ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी। यहां तक कि युवती का फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।

