BIG NEWS: राष्ट्रपति चुनाव में मतदान कर दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे सिंहदेव, वहां भी रखेंगे अपनी बात
रायपुर: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने जब से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफा दिया है तब से प्रदेश की राजनीति में तूफान आया हुआ है। वहीं टीएस सिंहदेव विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं। सिंहदेव सोमवार को रायपुर आकर सीधे राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने जाएंगे। मतदान के बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। वहां वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने एक और बार अपनी बात रखेंगे।


सिंहदेव के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री की जिम्मेदारी से इस्तीफे के सवाल पर रविवार को दिन भर हलचल मची रही। सिंहदेव ने पत्र की एक कॉपी मुख्यमंत्री सचिवालय को भिजवाई है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने भी इस मुद्दे पर सिंहदेव से फोन पर चर्चा की। पत्र के बिंदुओं पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी उनकी चर्चा हुई है। हालांकि अभी तक सुलह के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
विधानसभा सत्र में भी नहीं रहने की संभावना
संभावना जताई जा रही है कि मंत्री टीएस सिंहदेव विधानसभा के मानसून सत्र में भी शामिल नहीं होंगे। मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। उस दिन सिंहदेव गुजरात के दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस ने उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए ऑब्जर्वर बनाया है। अगर सिंहदेव नहीं लौटे तो सरकार को उनके विभागों के सवालों का जवाब देने के लिए किसी अन्य मंत्री को जिम्मेदारी देनी हाेगी।

