March 21, 2025

भूपेश बघेल देंगे इस्तीफा: 9.30 बजे जाएंगे राजभवन, जानिए किसे मिली जीत और किसे करना पड़ा हार का सामना


रायपुर: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सत्ता हाथ से खिसकने के साथ ही डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित 5 मंत्री चुनाव हार गए हैं, जबकि 3 अभी पीछे चल रहे हैं।


इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस्तीफे की खबर सामने आई है। वह रात करीब 9.30 बजे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को इस्तीफा सौपेंगे।

बता दें कि सीएम भूपेश बघेल पाटन से चुनाव जीत गए हैं लेकिन उनकी कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस को प्रदेश की 90 सीटों में से मात्र 33 सीटें मिलती दिख रही है। ज्यादातर कांग्रेस के मंत्री चुनाव हार गए हैं। सीएम के सबसे चहेते मंत्री मो. अकबर और रविंद्र चौबे, शिव डहरिया, ताम्रध्वज साहू, जयसिंह अग्रवाल, गुरू रुद्र कुमार, अमरजीत भगत, टीएस सिंहदेव चुनाव हार गए हैं।

छत्तीसगढ़ की साजा विधानसभा से कांग्रेस के मंत्री रविंद्र चौबे चुनाव हार गए हैं। भाजपा प्रत्याशी ईश्वर साहू ने उन्हेे हराया है। इस विधानसभा में बिरनपुर केस ने बड़ा खेल कर दिया है। वहीं कुरुद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर 8046 मतों से जीत दर्ज की है।

वहीं बैकुंठपुर से पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रत्याशी भैया लाल राजवाड़े 24717 वोट से जीत गए हैं। भाजपा के भैया लाल राजवाड़े को कुल 66035 मत मिले हैं।

कांग्रेस की अंबिका सिंहदेव को मिले कुल 41321 मत है। सिहावा से राउंड- 19 अंतिम में कांग्रेस से अंबिका मरकाम 13102 मतों से जीत दर्ज की है।

मरवाही से बीजेपी प्रत्याशी प्रणव मरपच्ची जीते। सारंगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी उत्तरी गनपत जांगड़े जीत गई हैं। उत्तरी जांगड़े 29695 मत से चुनाव जीत गई है।

मुंगेली से भाजपा प्रत्याशी पुन्नूलाल मोहले 12 हजार से अधिक मतों से जीत गए हैं। अम्बिकापुर से करीब 158 मतों से टीएस सिंह देव हार गए हैं। उसके बाद कांग्रेस की तरफ से डाक मत्र पत्र के रिकाउंटिंग के लिए आवेदन दिया गया है।

सोर्स: दैनिक भास्कर