April 18, 2026

अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार: कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद

IMG_20250612_212310

 


रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत शहीद स्मारक के पार्किंग स्थल पर उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी एक युवक को गांजे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 3.898 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 38,000 रुपये बताई जा रही है।

यह कार्यवाही रायपुर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को 11 जून को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर शहीद स्मारक के पार्किंग क्षेत्र में बिक्री की फिराक में है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और संदिग्ध हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद निषाद पिता मुन्ना निषाद (उम्र 35 वर्ष), निवासी पुरावल्दी, किटगंज, थाना किटगंज, जिला इलाहाबाद (उ.प्र.) बताया।

आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 92/25 धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

यह सफलता रायपुर पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्राप्त हुई है। मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए शहर के सभी थानों को सतर्क किया गया है, और निरंतर पेट्रोलिंग, सूचना संकलन तथा निगरानी जारी है।

इस कार्रवाई में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों तथा थाना मौदहापारा से उपनिरीक्षक काशीनाथ मण्डावी व सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार बघेल की सराहनीय भूमिका रही।

रायपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों को स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ उनकी मुहिम सख्ती से जारी रहेगी।


You may have missed