Sanjay Kapoor Biography: बॉलीवुड में शोक की लहर: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन


Sanjay Kapoor Biography: सोना कॉमस्टार कंपनी के चेयरमैन और बिजनेसमैन संजय कपूर का गुरुवार, 12 जून 2025 को इंग्लैंड में हार्ट अटैक से निधन हो गया। 53 वर्षीय संजय कपूर की मृत्यु की जानकारी कंपनी ने एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दी।

कंपनी ने बताया दूरदर्शी नेता
सोना कॉमस्टार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “गहरे दुख के साथ सूचित किया जाता है कि हमारे चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय जे. कपूर का 12 जून 2025 को इंग्लैंड में अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया।” कंपनी ने उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने सोना कॉमस्टार को एक वैश्विक मोबिलिटी टेक्नोलॉजी कंपनी के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।

इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति
कंपनी ने आगे लिखा, “उनका जुनून, दृष्टिकोण और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण उनके सहयोगियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। संजय एक समर्पित पिता, मार्गदर्शक और भारत के मैन्युफैक्चरिंग व मोबिलिटी सेक्टर के प्रबल समर्थक थे। उनका जाना ‘सोना परिवार’ और इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।”

शोक की लहर
संजय की मौत की खबर के बाद कपूर परिवार के घर शोक की लहर दौड़ गई। करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ करिश्मा के घर पहुंचीं। मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा भी करिश्मा से मिलने पहुंचीं।

कौन है संजय कपूर
संजय कपूर, बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी और 2016 में उनका तलाक हुआ। संजय और करिश्मा के दो बच्चे हैं—समायरा और कियान। 2017 में संजय ने मॉडल प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की थी।

दोनों का एक बेटा अजारियस है, और संजय प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा के भी संरक्षक रहे। संजय कपूर देहरादून के प्रतिष्ठित दून स्कूल के छात्र रह चुके थे और पोलो खेल के बड़े प्रेमी थे। वह अपनी टीम ‘ऑरियस’ के संरक्षक थे और निधन के समय इंग्लैंड में ‘सुझान’ टीम के खिलाफ मैच खेल रहे थे।

मौत से पहले किया था पोस्ट
मृत्यु से कुछ घंटे पहले उन्होंने अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए X पर आखिरी पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”

