रायपुर में आंधी-तूफान का तांडव: डिप्टी सीएम अरुण साव, पूर्व सीएम बघेल समेत कई दिग्गज हवा में अटके, नागपुर डायवर्ट की गईं फ्लाइट्स
रायपुर। राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम, तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस खराब मौसम का सबसे बड़ा असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला है, जिसके चलते रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग रोकनी पड़ी। विजिबिलिटी कम होने और सुरक्षा कारणों से रायपुर आने वाली दो प्रमुख फ्लाइट्स को पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।


हवा में रहे वीआईपी, नागपुर में हुई सुरक्षित लैंडिंग
मौसम की इस मार के बीच दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E5138) में छत्तीसगढ़ की कई बड़ी सियासी हस्तियां सवार थीं। इस विमान में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व सांसद रेणुका सिंह और भाजपा प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास समेत कई वीआईपी यात्री मौजूद थे। रायपुर में मौसम खराब होने के कारण एटीसी (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद विमान को सुरक्षित नागपुर उतारा गया।
ये फ्लाइट्स भी हुईं डायवर्ट
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, सिर्फ दिल्ली की फ्लाइट ही नहीं बल्कि अन्य शहरों से आ रहे विमानों पर भी मौसम का असर पड़ा:
एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट (AI1718): इसे भी रायपुर में उतरने की जगह नागपुर भेज दिया गया।
इंडिगो की हैदराबाद-रायपुर फ्लाइट (6E7248): खराब विजिबिलिटी के चलते इस उड़ान को भी नागपुर डायवर्ट करना पड़ा।
मौसम साफ होने का इंतजार
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि बेमौसम बारिश और तेज अंधड़ के कारण फिलहाल उड़ानों का संचालन प्रभावित है। मौसम सामान्य होने और एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद ही डायवर्ट की गई फ्लाइट्स के आगे के उड़ान संचालन (रायपुर वापसी) पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। तब तक यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इतिहास बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

