यमराज भी हुए कोरोना संक्रमित : लोगों के प्राण हरने वाले यमराज हुए होम आइसोलेशन.. जानिए पूरी खबर
जबलपुर। कोरोना की चपेट में आम आदमी से लेकर नेता और अभिनेता भी आ रहे हैं। लेकिन अब लोगों के प्राण हरने वाले खुद यमराज ही कोरोना की चपेट में आ गए है। लोगों के प्राण हर कर उन्हें यमलोक पहुंचाने वाले ‘यमराज’ इस समय होम आइसोलेशन में हैं। जी हां, सुनने में आपको अजीब लगेगा, लेकिन यह हकीकत है कि ‘यमराज’ कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। अब वे ठीक होने के बाद ही लोगों के बीच आएंगे और उन्हें दर्शन देंगे।


ये है पूरा मामला–
गौरतलब है कि, कोरोना महामारी के बेकाबू होने के बीच सड़कों पर घूम-घूम कर उन्हें संभलकर रहने की सलाह देने वाले यमराज यानी कमलेश यादव 2 हफ्ते से घर में ही कैद हैं। 6 मई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे संक्रमण के बीच लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करने की सलाह दे रहे थे। कमलेश बीते 1 महीने से जबलपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के साथ मिलकर वे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे थे।
बता दें, शहर के कलाकार कमलेश यादव कई सालों से नुक्कड़ नाटक में यमराज और अन्य किरदार निभाते आ रहे हैं। साल 2020 में जब कोरोना संक्रमण की शुरुआत हुई थी उस समय भी उन्होंने अपनी आवाज और अदाकारी के माध्यम से यमराज को धरती पर जीवंत किया था। उनके संक्रमित होने के बाद भी उन्होंने लोगों से यही अपील की है कि कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन करें और घर में सुरक्षित रहें।

